ललितपुर , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश में ललितपुर जिले के नाराहट क्षेत्र में शुक्रवार को ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार क्षेत्र के ग्राम परोल निवासी हेमंत (18) अपने गांव के ही अजय (20), रामपाल (22) और एक अन्य रामपाल (23) के साथ ग्राम पठा विजयपुरा में एक शादी समारोह में शामिल होने एक ही बाइक से जा रहा था। ग्राम ककरुआ के निकट पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने घायलों को नाराहट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद हेमंत को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अजय और दोनों रामपाल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है तथा मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित