ललितपुर , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर ट्रक की टक्कर से टैक्सी चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य सवारियां घायल हो गईं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि टैक्सी चालक 15 सवारियों को लेकर ललितपुर से सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिरधा की ओर जा रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर मसौरा कट के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने टैक्सी में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टैक्सी पलट गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायलों को तत्काल ललितपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने टैक्सी चालक गुलाब (46) को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से घायल ग्राम भैंसाई निवासी नारायण सिंह (55) को चिकित्सकों ने झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन झांसी ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घायलों में ग्राम खड़ेरा निवासी लाली (28) , बालकिशन (35), कार्तिक (4), कायरद (6), ग्राम मसौराखुर्द निवासी पार्वती (70) , सचिन (30), रोहिणी राजा , विशाखा (20), माही राजा (18) , संस्कृति (19) , पप्पू (46) तथा अमोल (15) शामिल हैं। इनमें माही राजा, संस्कृति, पार्वती, कायरद, बालकिशन और कार्तिक की हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित