ललितपुर , मार्च 12 -- उत्तर प्रदेश में ललितपुर जिले के सौजना क्षेत्र में खेत पर गेहूं की कटाई करने गए एक किसान का शव गुरुवार को तालाब में उतराता मिला। पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के गौना कुशमांड गांव निवासी गणेशराम (33) बुधवार सुबह अपने घर से खेत पर गेहूं की कटाई करने की बात कहकर निकले थे। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
तलाश के दौरान जब परिजन आज खेत के पास स्थित तालाब के आसपास पहुंचे तो किनारे पर गणेशराम की चप्पल पड़ी मिली। इसके बाद तालाब के पानी में उनका शव उतराता दिखाई दिया।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित