नई दिल्ली , दिसंबर 22 -- लद्दाख के अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेना की साजो-सामान, रसद और संचालनल तैयारियों को पुख्ता बनाने के लिए तेल और गैस क्षेत्र की महारत्न कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने सेना के सहयोग से एक विशाल पेट्रोलियम भंडारण सुविधा स्थापित की है।

अत्यंत प्रतिकूल मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में कार्य करने के लिए डिज़ाइन की गई यह सुविधा अग्रिम क्षेत्रों में अभियानों के लिए ईंधन की सुनिश्चित उपलब्धता प्रदान करेगी। इससे सैनिकों का आवागमन, सहनशक्ति और युद्ध तत्परता में वृद्धि होगी साथ ही कड़कड़ाती सर्दियों के महीनों में नागरिक आवश्यकताओं के लिए ऊर्जा सुरक्षा भी सुदृढ़ होगी।

आईओसी के अध्यक्ष अरविंदर सिंह सहने ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर सोमवार को कहा कि यह पेट्रोलियम भंडारण सुविधा अत्यधिक ऊंचाई और अग्रिम क्षेत्रों में ईंधन सुरक्षा और साजो- सामान की आपूर्ति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा , "लद्दाख में यह सुविधा अत्यधिक -ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऊर्जा सुरक्षा को काफी मजबूत करेगी और अग्रिम क्षेत्रों में एडवांस्ड विंटर स्टॉकिंग अभियानों का समर्थन करेगी। आईओसी राष्ट्रीय प्राथमिकताओं की सेवा में भरोसेमंद ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।"इससे पहले पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी एक्स पर पोस्ट किया था। उन्होंने कहा , "भारत की अग्रणी ऊर्जा महारत्न कंपनी आईओसी ने सेना के साथ मिलकर लद्दाख में एक बल्क पेट्रोलियम स्टोरेज सुविधा का उद्घाटन किया है, जिससे अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। अत्यधिक दुर्गम भूभाग के लिए डिज़ाइन की गई यह स्थापना भारत के एडवांस्ड विंटर स्टॉकिंग अभियानों को ऊर्जा प्रदान करेगी और अग्रिम क्षेत्रों में परिचालन तत्परता को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाएगी।"उन्होंने अपने पोस्ट के साथ डिपो और उसकी अत्याधुनिक ईंधन वितरण प्रणाली का एक वीडियो भी साझा किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित