श्रीनगर , अप्रैल 28 -- लद्दाख में पांच नये जिलों के गठन के ठीक एक दिन बाद उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने मंगलवार को इन जिलों में उपायुक्तों (डीसी) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) की नियुक्ति को मंजूरी दे दी । यह कदम प्रशासनिक कामकाज को तत्काल शुरू करने के मद्देनजर उठाया गया है।
पांच और जिलों नुब्रा, शाम, चांगथांग, ज़ांस्कर और द्रास के जुड़ने के बाद लद्दाख में जिलों की तादाद दो से बढ़कर सात हो गयी है। इस त्वरित कार्रवाई के साथ ही, सभी पांचों नये जिलों में डीसी और एसपी के पद भर दिये गये हैं। चांगथांग के उपायुक्त के रूप में नीतीश राजोरिया को तैनात किया गया है, जबकि एसजेड अब्बास जाफरी वहां के पुलिस अधीक्षक होंगे। मुकुल बेनीवाल नुब्रा के उपायुक्त के रूप में काम करेंगे, जबकि स्तान्ज़िन लोसाल को वहां का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
ज़ांस्कर में ओंकार राजेंद्र गुंडगे को उपायुक्त और रिग्ज़िन सैंडुप को पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। कुन्ज़ेस आंग्मो शाम जिले के उपायुक्त का पदभार संभालेंगी और एजाज मलिक वहां के पुलिस अधीक्षक होंगे। द्रास जिले के लिए इम्तियाज काचू को उपायुक्त, जबकि इश्तियाक अहमद को पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
लद्दाख प्रशासन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि नये डीसी और एसपी की नियुक्ति का मकसद प्रशासनिक ढांचे को तुरंत क्रियाशील करना, कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और प्रशासन को जनता के करीब लाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित