श्रीनगर , मार्च 24 -- लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने मंगलवार को सिंधु घाट का दौरा कर आगामी सिंधु महाकुंभ की चल रही तैयारियों का जायजा लिया।

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के प्रवक्ता ने बताया कि उपराज्यपाल सक्सेना ने मंगलवार को सिंधु घाट का दौरा किया और वहां चल रही तैयारियों की समीक्षा की।प्रथम सिंधु महाकुंभ 2026 का आयोजन 23-24 जून को पावन सिंधु घाट पर होना निर्धारित है।

श्री सक्सेना ने इस आयोजन के लिए लद्दाख आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को विश्व स्तरीय अनुभव प्रदान करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को इस स्थल का व्यापक कायाकल्प करने का निर्देश दिया। इन निर्देशों में मलबा हटाना, घाट की मरम्मत और जीर्णोद्धार, रिवरफ्रंट का सौंदर्यीकरण, संपर्क मार्ग को व्यवस्थित करना, मौजूदा झाड़ियों की छंटाई और आगंतुकों की सुरक्षा व सुविधा के लिए जहां संभव हो, वहां फुटपाथ का निर्माण शामिल है।

उन्होंने आयोजन स्थल पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

लद्दाख की अपार प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन क्षमता को दोहराते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि सुनियोजित विकास, पर्यावरण संरक्षण और सुदृढ़ नागरिक बुनियादी ढांचा पर्यटन को मजबूत करने और लद्दाख के लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आयोजन स्थल पर सार्वजनिक सुविधा के महत्व पर और अधिक जोर दिया। इसमें पर्याप्त पेयजल सुविधा और नदी तटों की सफाई शामिल है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सिंधु महाकुंभ के दौरान आगंतुकों और श्रद्धालुओं का अनुभव सुखद और यादगार रहे।

उपराज्यपाल ने अधिकारियों को चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने लद्दाख की अनूठी विरासत और पारिस्थितिक संतुलन को बनाये रखते हुए नागरिक बुनियादी ढांचे में गुणवत्ता के उच्च मानकों को बनाये रखने पर स्पष्ट जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित