चंडीगढ़/ मोहली , अप्रैल 06 -- पिछले कुछ महीनों से पंजाब और चंडीगढ़ के स्कूलों और अन्य संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अत्यंत सतर्क हो गयी हैं।

सोमवार को चंडीगढ़ के कई स्कूलों और पंजाब के मोहाली जिले के खरड़ और डेराबस्सी स्थित जिला अदालतों को फिर धमकी भरे ई-मेल मिले। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और सभी परिसरों को खाली कराया गया। इसके बाद सुरक्षा बलों ने लंबे समय तक जांच अभियान चलाया। जांच के बाद स्थिति सामान्य पायी गयी।

इस पूरे घटनाक्रम पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रहीहै और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अमृतसर से एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

चंडीगढ़ के स्कूलों में जब धमकी भरे ई-मेल पहुंचे, तो स्कूल प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की गहन तलाशी ली, जिसके बाद स्कूलों में दोबारा सामान्य रूप से कक्षाएं शुरू कर दी गयीं।

पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। साथ ही, उन्होंने आश्वासन दिया कि इस तरह की धमकियां देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी चंडीगढ़ के कई स्कूलों, जिला अदालत, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय और पंजाब-हरियाणा सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। हर बार पुलिस ने तत्परता दिखाते ं हुए पूरे इलाके की गहन जांच की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित