लखीसराय, फरवरी 18 -- बिहार में लखीसराय के जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में बुधवार को जिला स्तरीय खेल संघ, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन एवं पीटी टीचर्स के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में खेल गतिविधियों को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित करने के उद्देश्य से विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने जिले में विभिन्न खेलों के लिए जिला स्तरीय खेल संघों के गठन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जानकारी ली कि किन-किन खेलों के जिला स्तरीय खेल संघ गठित हो चुके हैं तथा किन खेलों के लिए गठन की प्रक्रिया प्रगति पर है। इस संदर्भ में उन्होंने निर्देश दिया कि जिन खेल संघों का गठन हो चुका है एवं जिनका गठन प्रक्रियाधीन है, उनकी अद्यतन सूची 10 दिनों के भीतर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जिन खेलों के लिए अभी तक जिला स्तरीय खेल संघ का गठन नहीं हुआ है, उनके गठन की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ कर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने सभी खेल संघों सहित अन्य पारंपरिक एवं आधुनिक खेल संघों को सक्रिय होकर नियमित अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं की तैयारी प्रारंभ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, अतः जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में यह भी बताया गया कि जिले की 76 पंचायतों में खेल क्लबों के गठन की पहल की जा रही है। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी 76 पंचायतों का एक समेकित चार्ट तैयार किया जाए, जिसमें संबंधित पंचायत के खेल क्लब, उपलब्ध खेल मैदान तथा नियुक्त/संलग्न पीटी टीचर्स की विस्तृत सूची शामिल हो। यह सूची निर्धारित समयावधि में जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, जिससे पंचायत स्तर पर खेल गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।

जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि खेल, ऊर्जा संरक्षण एवं सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही लखीसराय को खेल, संस्कृति एवं सतत विकास के क्षेत्र में एक आदर्श जिला बनाया जा सकता है।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि संग्रहालय लखीसराय में 21, 22 एवं 23 फरवरी 2026 को पहली मगही, भोजपुरी एवं मैथिली भाषा की फिल्मों का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर अधिकाधिक दर्शकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत सोलर रूफटॉप स्थापना के माध्यम से आम नागरिक बिजली की बचत कर सकते हैं तथा अतिरिक्त ऊर्जा का उपयोग कर आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधन, खेल संघों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाकर ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने बिहार की महत्वाकांक्षी पहल ज्ञान भारतम् के संबंध में भी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्राचीन भारत की हस्तलिखित पांडुलिपियों, दस्तावेजों, ग्रंथों, भोजपत्र, ताम्रपत्र, कपड़े या कागज पर लिखित ऐतिहासिक अभिलेखों का संकलन एवं स्कैनिंग कर संरक्षित किया जाना है। उन्होंने सभी उपस्थित जनों से अपील की कि अपने-अपने क्षेत्रों में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों, लोकगीतों, परंपराओं, मंदिरों, ठाकुरबाड़ी, मूर्तियों एवं अन्य सांस्कृतिक धरोहरों की सूची तैयार कर उनका डिजिटलीकरण कर संबंधित विभाग को प्रेषित करें, ताकि जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन सुनिश्चित हो सके।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, जिला अग्रणी बैंक पदाधिकारी संजीत कुमार, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर माई युवा भारत राजीव कुमार, नगर सभापति अरविंद पासवान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित