लखीमपुर खीरी , मार्च 1 -- उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के सिंगाही कस्बे में बालिका से गैंगरेप प्रकरण में पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम ने बताया कि जनजातीय क्षेत्र चंदन चौकी से एक नाबालिग बालिका रिश्तेदारी में सिंगाही आई थी। शनिवार शाम दो युवकों पर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। इस संबंध में थाना सिंगाही में दो आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।

रविवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार आरोपियों की ओर से फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ गोली चलाई। मुठभेड़ में जावेद निवासी सिंगाही के पैर में गोली लगी, जबकि मुख्य आरोपी छोटू मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देसी तमंचा और कारतूस बरामद करने का दावा किया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित