लखीमपुर खीरी , मार्च 17 -- लखीमपुर खीरी जिले में मोहम्मदी सिकंदरबाद मार्ग पर बाघ के हमले मे हुई किसान की मौत को लेकर ग्रामीणो ने जमकर प्रदर्शन किया और मुआवजे के साथ ही बाघ को पकड़ने की मांग की।
थाना हैदराबाद क्षेत्र के नंदलालपुर गाँव में सोमवार को जानवरों के लिए चारा लेने गए एक किसान को बाघ ने अपना शिकार बना लिया था, जिससे पूरे इलाके में दहशत और गहरा आक्रोश फैल गया।
मृतक किसान के परिवार और हजारों की संख्या में ग्रामीण मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को लेकर मोहम्मदी सिकंदरबाद मार्ग पर उतर आए। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि हमलावर बाघ को जल्द से जल्द पकड़ा जाए ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी घटना की पुनरावृत्ति न हो, और मृतक किसान के परिवार को सरकार की ओर से उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में बाघ का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण उनकी जान-माल की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित