लखीमपुर खीरी , अप्रैल 29 -- उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में दुधवा टाइगर रिजर्व के दक्षिण सोनारीपुर रेंज स्थित सलूकापुर बेस कैंप में एक पालतू हाथी ने अपने महावत पर हमला कर उसे पटक-पटक कर मार डाला। वन विभाग के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मृतक महावत की पहचान राम विलास (51) के रूप में हुई है। वह दुधवा नेशनल पार्क क्षेत्र में तैनात था और मंगलवार को सलूकापुर बेस कैंप में पालतू हाथी को नहला रहा था। इस दौरान हाथी अचानक उग्र हो गया और उसने राम विलास पर हमला कर दिया। हाथी ने महावत को सूंड से पकड़कर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वन विभाग के अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। महावत की अचानक हुई मौत से बेस कैंप और परिजनों में शोक का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित