लखीमपुर खीरी , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी जिले के भीरा थाना क्षेत्र स्थित रुपनपुरवा गांव में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच फिर विवाद हो गया, जिसमें मारपीट के दौरान चार लोग घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि विवाद बाइक निकालने को लेकर शुरू हुआ, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट हो गई। घायलों को उपचार के लिए बिजुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व इसी गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की होर्डिंग लगाने को लेकर तनाव की स्थिति बनी थी। उस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति के विरुद्ध शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की थी। शुक्रवार को दोबारा विवाद होने पर गांव में तनाव फैल गया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने पुलिस से भी उलझने का प्रयास किया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर गांव में तैनात किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित