लखीमपुर खीरी , अप्रैल 30 -- उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रथम चरण के तहत 7 से 21 मई तक प्रस्तावित स्व-गणना (सेल्फ सर्वे) को सफल बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिषेक कुमार की अध्यक्षता में जनपदीय अधिकारियों की कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सीडीओ अभिषेक कुमार ने स्व-गणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रक्रिया के माध्यम से आमजन अपने मोबाइल या कंप्यूटर से घर बैठे ही अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं, जिससे समय और श्रम दोनों की बचत होती है। उन्होंने बताया कि स्व-गणना से डाटा की सटीकता भी बढ़ती है, क्योंकि जानकारी स्वयं परिवार द्वारा भरी जाती है, जिससे पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित होती है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और निर्धारित समयावधि के भीतर अपनी जानकारी अवश्य दर्ज करें। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों के कर्मचारियों से स्व-गणना पोर्टल पर अनिवार्य रूप से डाटा फीड कराएं। इसके पश्चात सिस्टम द्वारा जारी 11 अंकों की यूनिक आईडी फील्ड में तैनात प्रगणकों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि जमीनी स्तर पर कार्य की गति और सटीकता बनी रहे।
सीडीओ ने जनगणना प्रक्रिया को गति देने के लिए "विभाग दिवस" निर्धारित करने की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग अपने स्तर पर स्व-गणना को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों से स्वयं भागीदारी करने के साथ-साथ आमजन को भी इसके लिए जागरूक करने को कहा, जिससे अभियान को व्यापक जनसहभागिता मिल सके।
जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने तृतीय चक्र के प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर सभी कार्मिकों को बधाई दी और अंतिम चरण में शत-प्रतिशत जनशक्ति के साथ प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में जनगणना कार्य निदेशालय से आए जिला प्रभारी दिव्यांक मिश्रा ने स्व-गणना पोर्टल के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर एएसपी, सीएमओ, डीआईओएस, बीएसए, जिला कार्यक्रम अधिकारी, डीएसटीओ, महाविद्यालयों के प्राचार्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनगणना सेल के कार्मिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित