लखीमपुर खीरी , मई 04 -- उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी जिले के बिजुआ विकास खंड क्षेत्र में सोमवार को चारा लेने गए एक किशोर पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मझगईं वन रेंज के रामनगर कला गांव का यह मामला है, जहां किशोर खेत की ओर गया था। इसी दौरान अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया, लेकिन तब तक किशोर की मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजुआ क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तेंदुए की चहलकदमी बनी हुई है और इस संबंध में कई बार वन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश व्याप्त है।
सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित