लखनऊ , फरवरी 21 -- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को यूजीसी की नई नीतियों के विरोध में छात्रों और युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की हुई। हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए जब प्रदर्शनकारी पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स पर चढ़ गए और सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश करने लगे।

प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए विधानसभा की ओर कूच कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए हजरतगंज क्षेत्र में भारी बैरिकेडिंग की थी, लेकिन भीड़ पीछे हटने को तैयार नहीं थी। बैरिकेडिंग लांघने की कोशिश में कई प्रदर्शनकारियों को हल्की चोटें आईं। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ प्रदर्शनकारियों ने सांकेतिक रूप से कपड़े उतारकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अलंकार अग्निहोत्री ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किए जा रहे बदलाव छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार की नीतियों से सवर्ण समाज का मोहभंग हो रहा है और यदि युवाओं की मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन प्रदेशव्यापी रूप ले सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित