लखनऊ , मार्च 27 -- लखनऊ में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद शिया समुदाय के लोगों ने आसिफी मस्जिद में सऊदी अरब के शासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सऊदी हुकूमत के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी सऊदी अरब के मदीना स्थित ऐतिहासिक कब्रिस्तान जन्नतुल बकी के पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में विरोध और आतंकवाद विरोधी तख्तियां लेकर नाराजगी जाहिर की। कुछ लोगों ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की तस्वीर जलाकर विरोध दर्ज कराया। इसके साथ ही अमेरिका, इजरायल और सऊदी अरब के खिलाफ भी नारे लगाए गए। वहीं स्थिति को देखते हुए बड़ा इमामबाड़ा के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यहां पैगंबर-ए-इस्लाम की पुत्री हजरत फातिमा जेहरा सहित कई महत्वपूर्ण हस्तियों की कब्रें थीं, जिन्हें सऊदी शासन द्वारा ध्वस्त कर दिया गया था। शिया समुदाय इस मुद्दे को लेकर हर वर्ष विरोध दर्ज कराता है और मजारों के पुनर्निर्माण की मांग करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित