लखनऊ , मार्च 13 -- लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र में शुक्रवार शाम तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कार चला रही महिला टीचर और उसके साथ मौजूद दो अन्य महिला शिक्षिकाओं को घेर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह तीनों को ग्रामीणों से छुड़ाकर थाने ले गई।
पुलिस ने बताया कि मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के इमलियाखेड़ा गांव में यह हादसा हुआ है। मृतक बच्चे की पहचान अर्जुन (8) पुत्र टिंकल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अर्जुन सड़क किनारे चल रहे भंडारे में प्रसाद लेने गया था और सड़क के पास खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और कार चला रही महिला को पकड़ लिया। कार में दो अन्य महिला टीचर भी सवार थीं, जिन्हें भी ग्रामीणों ने घेर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों महिलाओं को सुरक्षित निकालकर थाने ले गई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में पता चला कि तीनों महिला शिक्षक रायबरेली के एक स्कूल में पढ़ाती हैं और रोजाना लखनऊ से कार से स्कूल आती-जाती हैं। शुक्रवार को स्कूल से लौटते समय यह हादसा हो गया।
इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कार चला रही महिला की पहचान रेनू संजीव कुमार, निवासी गांधी नगर, तेलीबाग के रूप में हुई है। कार और आरोपी महिला को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित