लखनऊ , अप्रैल 01 -- राजधानी लखनऊ के मदेयगंज थाना क्षेत्र में पिछले दिनो शराब कलेक्शन एजेंट से लूट की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बीती रात्रि हुई मुठभेड़ में घायल एक बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि दूसरे आरोपी से पूछताछ में पुलिस जुटी हुई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलोक तिवारी उर्फ मुस्कान और सुजीत सिंह उर्फ मगन के रूप में हुई है, जो हरदोई जिले के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल , अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पूछताछ में दोनों ने लूट की घटना कबूल कर ली है।

घटना बीते 25 मार्च की रात की है, जब दीनदयाल नगर स्थित तरन्नुम मार्केट गली में बदमाशों ने एक युवक से लाखों रुपये से भरा बैग लूट लिया था। पीड़ित हर्ष जायसवाल, जो शराब दुकानों की बिक्री की रकम का कलेक्शन कर रहे थे, को चार अज्ञात बदमाशों ने घेर लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और रुपयों से भरा बैग छीनकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। मामले में मदेयगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस उपायुक्त (मध्य) विक्रांत वीर के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। 31 मार्च की रात को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रघुवंशी ढाल क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बाइक सवार दो युवक भागने लगे, लेकिन संतुलन बिगड़ने से गिर पड़े और पैदल भागने लगे। घेराबंदी के दौरान एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया। वहीं पुलिस पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित