भोपाल , अप्रैल 17 -- मध्यप्रदेश के भोपाल मंडल से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों का संचालन उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में मेगा ट्रैफिक और पावर ब्लॉक के चलते प्रभावित रहेगा। रेल प्रशासन ने यात्रियों को पूर्व सूचना देते हुए विभिन्न ट्रेनों के आंशिक निरस्तीकरण और मार्ग परिवर्तन की जानकारी जारी की है।
जारी सूचना के अनुसार गाड़ी संख्या 12103 पुणे-लखनऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस तथा 12104 लखनऊ-पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस को कानपुर स्टेशन तक सीमित किया गया है, जिससे निर्धारित तिथियों पर कानपुर-लखनऊ के बीच इनका संचालन निरस्त रहेगा। इसी प्रकार 22121 और 22122 लोकमान्य तिलक-लखनऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी आंशिक रूप से प्रभावित रहेंगी।
इसके अलावा कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। इनमें 11079 लोकमान्य तिलक-गोरखपुर एक्सप्रेस, 15066 पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस, 15046 ओखा-गोरखपुर एक्सप्रेस, 22534 यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस, 15024 यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस, 12598 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस, 15030 पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस, 12173 उद्योगनगरी एक्सप्रेस, 12143 लोकमान्य तिलक-सुल्तानपुर एक्सप्रेस तथा 12183 भोपाल-लखनऊ एक्सप्रेस शामिल हैं। ये ट्रेनें निर्धारित तिथियों पर कानपुर, प्रयागराज और अयोध्या मार्ग से संचालित होंगी तथा लखनऊ सहित कई स्टेशनों पर नहीं जाएंगी।
रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पहले अधिकृत रेलवे पूछताछ सेवा एनटीईएस, रेल मदद 139 या संबंधित पूछताछ केंद्र से ट्रेनों की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित