लखनऊ , जनवरी 29 -- उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) की लखनऊ दर्शन बस सेवा के माध्यम से 28 व 29 जनवरी को लखनऊ के विभिन्न स्कूलों के छात्रों को विधानसभा सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान 100 से अधिक विद्यार्थियों ने लखनऊ की ऐतिहासिक एवं आधुनिक पहचान को करीब से जाना।

इस बाबत गुरुवार को प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यूपीएसटीडीसी की यह पहल अनुभव आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि लखनऊ दर्शन बस के जरिए युवा पीढ़ी को कक्षा की सीमाओं से बाहर निकालकर अपने शहर की विरासत से जोड़ा जा रहा है, ताकि बच्चे जिम्मेदार और जागरूक पर्यटक बन सकें।

सिंह ने बताया कि शैक्षिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्कूली विद्यार्थियों को टिकट दर में 20 प्रतिशत की विशेष छूट दी गई है। सामान्यतः 400 रुपये प्रति विद्यार्थी किराया लिया जाता है, जबकि छात्रों के लिए यह सुविधा 320 रुपये की रियायती दर पर उपलब्ध कराई गई। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक शिक्षण संस्थानों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा भ्रमण विद्यार्थियों के लिए विशेष अनुभव रहा, जिससे उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रमों को लगातार आगे बढ़ाएगा।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव पर्यटन अमृत अभिजात ने भी लखनऊ दर्शन बस सेवा को छात्रों और पर्यटकों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि यह सेवा शहर के प्रमुख दर्शनीय स्थलों से जोड़ने के साथ-साथ शैक्षिक अनुभव का सशक्त माध्यम बन रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित