लखनऊ , अप्रैल 01 -- लखनऊ में बुधवार को कलेक्ट्रेट आफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी। हालांकि जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को मौके से कुछ भी नही मिला है। ऐसे में पुलिस की साइबर टीम ईमेल भेजने वाले के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि लखनऊ के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट के ऑफिस को ईमेल के जरिये बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल प्राप्त होने के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया। आनन फानन में इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के तुरंत बाद एसीपी पश्चिमी और वजीरगंज इंस्पेक्टर ने मौके पर पहुच कर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान परिसर में लोगों के आने जाने पर कुछ वक्त के लिए रोक लगा दी गई। डॉग स्क्वॉड की मदद से चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई।
बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीडीएस) की टीम ने मौके पर पहुंच कर पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि अभियान के दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु के न मिलने की पुष्टि हुई। ऐसे में पुलिस प्रशासन दोनों धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है। साइबर सेल की टीम ईमेल आईडी, आईपी एड्रेस और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि धमकी देने वालों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
गौरतलब है कि अभी बीते सप्ताह के दौरान लखनऊ के रीजनल पासपोर्ट आफिस और सुल्तानपुर के डाकघर को भी बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। हालांकि उस दौरान भी इन दोनों स्थानों पर सुरक्षा एजेंसियों को कोई संदिग्ध वस्तु नही मिली थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित