हरिद्वार , फ़रवरी 26 -- उत्तराखंड में कोतवाली लक्सर पुलिस ने गुरुवार को ग्राम रणसुरा में गौकशी की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक गन्ने के खेत में छापेमारी की। पुलिस टीम के पहुंचते ही मौके पर मौजूद आरोपी फरार हो गए, जबकि दो गायों को पेड़ से बंधा हुआ सकुशल मुक्त कराया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब डेढ़ कुंतल (लगभग 150 किलोग्राम) लाल, गुलाबी व पीले चर्बीदार मांस के टुकड़े, गौवंशीय पशु के चार पाये, एक खाल, एक जोड़ी जूते तथा अन्य पशु अंग बरामद किए। बरामद मांस का परीक्षण कराने हेतु ब्लॉक बहादराबाद से पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाया गया। प्रथम दृष्टया मांस को गौवंशीय बताया गया।
पुलिस ने इस संबंध में उत्तराखंड गौ संतान संरक्षण अधिनियम 2007 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित