ऋषिकेश , दिसंबर 20 -- उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित "ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान" के तहत पौड़ी पुलिस लगातार नशे के सौदागरों पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में शनिवार को लक्ष्मणझूला पुलिस ने तलाशी अभियान के दौरान एक मादक पदार्थ तस्कर को 172 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के सख्त निर्देशों के अनुपालन में थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला भुवन चंद्र पुजारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने भीमगोडा टी-पॉइंट के पास संदिग्ध की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी तस्कर के कब्जे से 172 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध थाना लक्ष्मणझूला में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया।
पूछताछ में आरोपी तस्कर ने खुलासा किया कि वह हरिद्वार क्षेत्र की झाड़ियों से चरस एकत्र कर हरिद्वार और ऋषिकेश आने-जाने वाले यात्रियों और घाटों के आसपास घूमने वाले लोगों को छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचता था। आरोपी की पहचान अमित कुमार पुत्र शेषपाल के रूप में हुयी है और वह उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरपुर के संधावली गांव का रहने वाला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित