अहमदाबाद , दिसंबर 16 -- गुजरात में कलोल विधायक लक्ष्मणजी ठाकोर ने मंगलवार को कलोल स्टेशन पर चार ट्रेनों के ठहराव का शुभारंभ किया।

श्री लक्ष्मणजी ठाकोर ने आज कलोल रेलवे स्टेशन पर वलसाड-वडनगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, दिल्ली सराय रोहिल्ला-बांद्रा टर्मिनस गरीब रथ एक्सप्रेस, जोधपुर-केएसआर बेंगलुरु एक्सप्रेस और मुजफ्फरपुर-साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव का शुभारंभ किया और अपने संबोधन में कहा कि कलोल रेलवे स्टेशन पर 20959/60 वलसाड-वडनगर-वलसाड इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जो कलोल को वलसाड, सूरत, वडोदरा, अहमदाबाद तथा वडनगर जैसे महत्वपूर्ण शहरों से जोड़ती है।

जोधपुर-बेंगलुरु-जोधपुर एक्सप्रेस 16507/08, जो कलोल को राजस्थान, महाराष्ट्र एवं दक्षिण भारत की राजधानी बेंगलुरु से जोड़ती है। 15269/70 मुजफ्फरपुर-साबरमती-मुजफ्फरपुर जनसाधारण एक्सप्रेस, जो कलोल को बिहार सहित उत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों से जोड़ती है और आम यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी है। 12215/16 दिल्ली सराय रोहिल्ला-बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीबरथ एक्सप्रेस, जो कलोल को देश की राजधानी दिल्ली तथा आर्थिक राजधानी मुंबई से सीधे जोड़ती है।

इन सभी ट्रेनों के ठहराव से कलोल एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधी, सुलभ और समय की बचत करने वाली यात्रा सुविधा प्राप्त होगी। जीआईडीसी छ्त्राल में कार्य करने वाले श्रमिकों को भी सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी तथा उनको ट्रेन पकड़ने के लिए महेसाणा और अहमदाबाद नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही विद्यार्थियों, नौकरीपेशा वर्ग, व्यापारियों, किसानों तथा स्थानीय श्रमिकों को अन्य बड़े स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे यात्रा में होने वाला समय, श्रम और आर्थिक व्यय तीनों में उल्लेखनीय कमी आएगी। इसके साथ ही व्यापार, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि कलोल रेलवे स्टेशन का लगभग 44.22 करोड़ रु. की लागत से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकास किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत कलोल स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त, सुरक्षित एवं भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है।

कलोल स्टेशन पर 40 फीट चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है, जो स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों को जोड़ते हुए शहर के पूर्व एवं पश्चिम दोनों भागों को आपस में जोड़ने का कार्य करेगा, जिससे यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही, स्टेशन के पूर्वी छोर पर द्वितीय प्रवेश (सेकेंड एंट्री) भवन का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे कलोल के पूर्वी क्षेत्र के नागरिकों को टिकट बुकिंग, प्रतीक्षालय एवं अन्य यात्री सुविधाओं का सीधा लाभ प्राप्त होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित