रांची , जनवरी 31 -- झारखंड के खूंटी जिले में अवैध लकड़ी तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने निकली वन विभाग की टीम को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब जांच के दौरान ट्रक से लकड़ी नहीं बल्कि भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गांजा लदा ट्रक जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध रूप से लकड़ी लादकर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही प्रभारी वनपाल प्रवीण सिंह, उनके चालक और वनकर्मी सूरज ने ट्रक का पीछा शुरू किया। ट्रक को सघन आबादी वाले क्षेत्र कुंजला में रोका गया।

ट्रक चालक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर वन विभाग की टीम ने वाहन की तलाशी ली। ट्रक के ऊपर नारियल लदे हुए थे, जिससे प्रथम दृष्टया किसी तरह का संदेह नहीं हो रहा था। लेकिन जब नारियल हटाकर अंदर की तलाशी ली गई, तो लकड़ी के बजाय गांजा से भरी कई बोरियां बरामद हुईं। इसी दौरान मौका पाकर ट्रक का चालक और खलासी रिलायंस पेट्रोल पंप की दिशा में भाग निकले और फरार होने में सफल रहे।

गांजा बरामद होने की सूचना तत्काल वन विभाग के वरीय अधिकारियों को दी गई। डीएफओ के निर्देश पर प्रभारी वनपाल ने मामले की जानकारी खूंटी सदर थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह को दी। सूचना मिलते ही खूंटी पुलिस मौके पर पहुंची और गांजा लदे ट्रक को जब्त कर थाना ले गई।

थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि वन विभाग के सहयोग से सड़क से गांजा लदा ट्रक जब्त किया गया है। गांजे की बोरियों की गिनती की जा रही है और वजन कराए जाने के बाद उसकी कुल मात्रा और बाजार मूल्य का खुलासा किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई कर रही है। वहीं फरार चालक और खलासी की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित