मुंबई , फरवरी 17 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान दुर्घटना की जांच में हो रही देरी पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

श्री रोहित पवार ने मंगलवार को कहा कि क्या यह देरी जांच एजेंसियों द्वारा स्व. पवार के व्यक्तित्व की गंभीरता का आकलन करने में विफल रहने के कारण हुई या फिर क्या यह विमान आपूर्तिकर्ता, वीआरएस कंपनी को सबूत नष्ट करने का समय देने के उद्देश्य से हुई है। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या कंपनी को प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्त था।

जांच एजेंसियों का कहना है कि दुर्घटना के बाद लगी आग में अत्यधिक तापमान होने से ब्लैक बॉक्स का डेटा क्षतिग्रस्त हो गया है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों रिकॉर्डर प्रभावित हुए, हालांकि लेवल-3 का कुछ संचार डेटा प्राप्त किया गया है लेकिन रोहित पवार ने इस स्पष्टीकरण पर संदेह व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों में हुए अनेक विमान हादसों में ब्लैक बॉक्स सुरक्षित बरामद किए गए हैं। इस विशेष मामले में ब्लैक बॉक्स के क्षतिग्रस्त होने के कारण पर सवाल उठाते हुए रोहित पवार ने कहा कि परिस्थितियां स्व. पवार के विमान दुर्घटना के बारे में पहले से मौजूद संदेहों को और पुष्ट करती हैं कि क्या यह दुर्घटना आकस्मिक थी या किसी साजिश का नतीजा। उन्होंने कहा कि जब तक पूरी सच्चाई सामने नहीं आ जाती वह चुप नहीं बैठेंगे।

श्री चंद्रकांत पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की शहरी इकाई और अजीत पवार गुट के बीच प्रस्तावित विलय के संबंध में एक संवाददाता सम्मेलन के स्थगन को लेकर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए श्री रोहित पवार ने कहा कि फिलहाल राजनीति एक गौण मुद्दा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित