मुंबई , मार्च 06 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (रांकपा-शरद) के विधायक रोहित पवार ने आरोप लगाया है कि अजित पवार विमान हादसे से जुड़े एवं पूछताछ के लिए बुलाए गए एक महत्वपूर्ण व्यक्ति को जांचकर्ताओं ने विशेष सुविधा और सम्मान दिया।

श्री पवार लगातार यह दावा कर रहे हैं कि इस दुर्घटना के पीछे कोई बड़ी साजिश हो सकती है। पिछले कुछ दिनों में उन्होंने कई संवाददाता सम्मेलन कर इस घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाये हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात की और जांच में मदद के लिए राज्य अपराध जांच विभाग (सीआईडी) को कुछ दस्तावेज सौंपे।

जांच के सिलसिले में सीआईडी ने गुरुवार को वीएसआर कंपनी के प्रमुख वी.के. सिंह को पूछताछ के लिए पुणे तलब किया था। श्री पवार ने हालांकि आरोप लगाया कि एजेंसी ने श्री सिंह से कड़ी पूछताछ करने के बजाय उनके साथ असाधारण शिष्टाचार वाला व्यवहार किया। उनके अनुसार, पूछताछ के दौरान श्री सिंह को कई सुविधाएं दी गयी, जिनमें शाम को क्रिकेट मैच देखने का समय देना भी शामिल था।

श्री पवार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में संदेह जताते हुए सवाल किया कि सीआईडी ने सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया था या 'शाही मेहमान नवाजी' के लिए। उन्होंने कहा कि सिंह पूर्वाह्न 11 बजे पहुंचे और अधिकारियों ने दावा किया कि उनसे आठ घंटे पूछताछ की गयी, लेकिन इस दौरान अधिकांश समय उनकी खातिरदारी में बिताया गया।

विधायक ने दावा किया कि रात में श्री सिंह को काले शीशे वाली पुलिस गाड़ी में एक मेहमान की तरह ले जाया गया। उन्होंने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूछा कि संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्ति को ऐसे वाहन में जाने की अनुमति क्यों दी गयी? उन्होंने कहा कि 'काले पर्दों' के पीछे सच्चाई छिपाने की कोशिशों के बावजूद सच जल्द ही सामने आ जाएगा।

श्री पवार ने अधिकारियों पर मामले में भेदभावपूर्ण व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बार-बार मांग के बावजूद विमान दुर्घटना पर अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी है, जबकि दुर्घटनाग्रस्त विमान से जुड़े व्यक्ति को वीआईपी ट्रीटमेंट दिया जा रहा है।

राकंपा (शरद) नेता ने यह भी दावा किया कि इस मामले को कवर करने गये पत्रकारों के साथ पुलिस ने अनुचित व्यवहार किया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या श्री अजीत पवार के करीबी रहे और खुद को उनका विश्वसनीय सहयोगी बताने वाले सत्ताधारी दल के विधायक इस पर आवाज उठाएंगे?श्री पवार ने कहा कि सीआईडी ने पहले आश्वासन दिया था कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की रिपोर्ट मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। हालांकि, इस आश्वासन को चार-पांच दिन बीत जाने के बाद भी अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित