सासाराम , मार्च 31 -- बिहार में रोहतास जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पति की हत्या के सदमे में एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि 24 मार्च को मुरादाबाद गांव में एक जमीन की खरीद-बिक्री के मामले में हसन रजा खान के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गई थी।
सूत्रों ने बताया कि हसन रजा खान की हत्या के बाद उसके परिवार के लोग सदमे में थे। इस बीच सोमवार की देर रात हसन की पत्नी रेशमा खातून ने जहर खा ली, साथ ही दूध में जहर मिलाकर अपने दो अबोध बच्चों को भी पिला दिया । इसके बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई। स्थानीय लोगों ने तीनों को सासाराम के राज कॉलोनी स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लियेवाराणसी रेफर किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित