पटना , फरवरी 26 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने गुरूवार को रोहतास जिले में करगहर अंचल के ठोरसन पंचायत के सचिव ऋतुराज पंडित को 12 हजार रूपये रिश्वत लेते हुये गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के ठोरसन गांव निवासी और परिवादी धर्मेन्द्र कुमार पटेल ने पटना ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी थी कि पंचायत सचिव ऋतुराज पंडित के द्वारा ठोरसन पंचायत के वार्ड नं0-15 का अनुरक्षक कार्य का मानदेय 01.04.2022 से 01.04.2023 तक 2000/- (दो हजार) रूपये प्रति माह की दर से कुल 24 हजार रूपये का भुगतान करने के बाद रिश्वत की मांग की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो की पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता श्रीमती रीता सिन्हा के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।
सूत्रों ने बताया कि धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त ऋतुराज पंडित को 12 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए सीढ़ी गांव के पूरब ठोरसन मोड़ के समीप आम का पेड़ के पास से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे पटना निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित