डेहरी आन सोन , फ़रवरी 07 -- बिहार में रोहतास जिले के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह शादी समारोह के दौरान आपसी विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि ढोढनडीह गांव निवासी मिथिलेश सिंह की पुत्री की शादी थी। शुक्रवार की शाम बिहिया (भोजपुर) के यादवपुर से बारात आई थी। शादी समारोह में नाच का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान ढोढनडीह गांव निवासी वीर बहादुर सिंह (24)मंच पर नाचने वाली के साथ नाचने पहुंचा। इस समय उसका एक करीबी मित्र भी मंच पर चढ़ गया, जिसे वीर बहादुर ने मना किया। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और वीर बहादुर सिंह के मित्र ने तीन गोलियां चला दीं। गोली लगने से वीर बहादुर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की।मौके से मंच के आसपास बिखरा नोट,मृतक का मोबाइल फोन और एक खोखा बरामद किया गया है।शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है।

पुलिस उपाधीक्षक सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। गोली चलाने वाला मृतक का करीबी मित्र बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला ( एफएसएल) टीम को जांच के लिये बुलाया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित