चंडीगढ़ , मार्च 27 -- हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने रोहतक में आयोजित जिला जनसंपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में कुल 16 शिकायतें रखी गयीं, जिनमें से 12 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि चार मामलों की जांच के लिए समितियां गठित की गयीं।
श्री पंवार ने पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज द्वारा जारी जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में कोई अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जायं। एक विधवा की शिकायत पर यह निर्णय लिया गया, जिसे पति की मृत्यु के दो वर्ष बाद भी प्रमाण पत्र नहीं मिला।
बैठक में अवैध सेप्टिक टैंक हटाने, पंचायती भूमि से अतिक्रमण हटाने और सीमांकन विवाद सुलझाने के निर्देश भी दिये गये। रेलवे से जुड़े मामलों में अंडरपास और फुट ओवरब्रिज निर्माण की संभावनाओं पर समितियां बनायी गयीं।
इसके अलावा खेरी साध में पेयजल आपूर्ति सुधारने, नालों से बिजली के खंभे हटाने और ताजा माजरा और गद्दी खेरी में जलभराव की समस्या दूर करने के निर्देश दिये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित