वाराणसी , मार्च 2 -- रोमानिया के मिलिशौती सिटी के मेयर वासिले कारारे सोमवार को वाराणसी पहुंचे और "काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर" का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने वाराणसी की प्रमुख विकास परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा भी की।

मेयर ने सबसे पहले "काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर" की कार्यप्रणाली को समझा। यहां के प्रमुख कंपोनेंट्स जैसे सिटी सर्विलांस, फेशियल रिकग्निशन सिस्टम, इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम एवं वेरिएबल मैसेज सिस्टम, बीट मैपिंग आदि के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

नगर आयुक्त एवं सीईओ, वाराणसी स्मार्ट सिटी हिमांशु नागपाल ने माननीय मेयर को नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के अंतर्गत चल रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी प्रदान की। नागपाल ने यह भी बताया कि धर्म नगरी काशी में भारी संख्या में पर्यटक, श्रद्धालु एवं दर्शनार्थी आते हैं। उन्हें एक अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करने के लिए वाराणसी नगर निगम एवं संपूर्ण जिला प्रशासन किस प्रकार निरंतर प्रयासरत है।

इस अवसर पर नगर आयुक्त एवं सीईओ ने मेयर वासिले कारारे का अंगवस्त्रम, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित