मेक्सिको सिटी , जनवरी 15 -- वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से तेल, खनिज, व्यापार और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर टेलीफोनिक संवाद करके अपनी सरकारों के बीच 'अनसुलझे मुद्दों' पर चर्चा की।

सुश्री रोड्रिग्ज ने कहा कि उनकी ट्रम्प के साथ लम्बी और सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि बातचीत में दोनों देशों के लिए एक सहयोगी एजेंडा के साथ-साथ बकाया द्विपक्षीय मामलों पर ध्यान केंद्रित किया गया। गौरतलब है कि सुश्री रोड्रिग्ज के 5 जनवरी को वेनुजुएला के राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद दोनों नेताओं का यह पहला संवाद है।

सुश्री रोड्रिग्ज 3 जनवरी को अमेरिकी सेना द्वारा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोर्स को 'एब्सोल्यूट रिजॉल्व' नामक अभियान में गिरफ्तार करने के बाद कार्यवाहक राष्ट्रपति बनीं। श्री मादुरो और सुश्री फ्लोर्स दोनों को मादक पदार्थों की तस्करी और हथियारों की आपूर्ति में संलिप्तता के आरोपों का सामना करने के लिए न्यूयॉर्क ले जाया गया। जबकि उन्होंने अदालत में पेशी के दौरान खुद को निर्दोष बताया।

सुश्री रोड्रिग्ज ने सोशल मीडिया पर लिखा, "आज मेरी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ एक लंबी, उपयोगी और सौहार्दपूर्ण माहौल में टेलीफोनिक बातचीत हुई और हमने दोनों राष्ट्रों के हित में द्विपक्षीय कार्य एजेंडा के साथ-साथ सरकारों के बीच संबंधों में अनसुलझे मुद्दों पर चर्चा की।"श्री ट्रम्प ने वेनेजुएला की राष्ट्रपति से हुई बातचीत को सकारात्मक बताया, जिसमें तेल, खनिज, व्यापार और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषयों पर चर्चा की गई। उन्होंने वेनेजुएला के साथ एक मजबूत साझेदारी की उम्मीद जताई और देश की स्थिरता और विकास की आशा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित