रायपुर , दिसंबर 19 -- छत्तीसगढ़ के वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने मनरेगा का नाम बदलकर 'वीबी-जी राम जी' किए जाने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की आलोचना को ओछा राजनीतिक हथकंडा करार दिया है।

श्री कश्यप ने कहा कि कांग्रेस नेता अपने आलाकमान की चाटुकारिता करने और खुद को अव्वल बनाए रखने की होड़ में आधारहीन बयानबाजी कर रहे हैं।

मंत्री कश्यप ने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष झूठ की राजनीति कर रहे हैं क्योंकि उन्हें डर है कि 'परिवारवादी आलाकमान' के सामने उनके नंबर कम न हो जाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता जनहित के बजाय ऊलजलूल विषयों पर भ्रम फैलाने में जुटे हैं। कश्यप ने तंज कसते हुए कहा कि असली बेचैनी इस बात को लेकर है कि योजना के नाम में 'राम जी' जुड़ गया है।

उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस नेता आज महात्मा गांधी के नाम पर हायतौबा मचा रहे हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि इस योजना को पहले 'नरेगा' कहा जाता था। कांग्रेस ने चुनावी लाभ के लिए काफी समय बाद इसमें गांधीजी का नाम जोड़कर इसे 'मनरेगा' किया था। कांग्रेस नेताओं को नाम के बजाय योजना के लक्ष्य पर ध्यान देना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित