मुंबई , अप्रैल 12 -- भारतीय सिनेमा जगत में अपनी जादुई आवाज से करीब आठ दशक तक श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करने वाली आशा भोसले को उनके करियर के शुरूआती दौर में काफी संघर्ष का सामना करना पड़ा था।

आशा भोसले ने एक इंटरव्यू में बताया था कि करियर की शुरुआत में वह और किशोर कुमार एक रिकॉर्डिंग स्टूडियो पहुंचे थे, जहां उन्हें एक गाना रिकॉर्ड करना था।जब दोनों गाना रिकॉर्ड करने पहुंचे तो घबराए हुए थे. आशा ने बताया था कि जैसे ही दोनों ने गाना शुरू किया, स्टूडियो में मौजूद रिकॉर्डिस्ट रॉबिन चटर्जी ने तुरंत रिकॉर्डिंग रोक दी। रॉबिन ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि ये नहीं चलेगा। ये क्या आवाज है, ये कैसी आवाज है। रॉबिन चटर्जी को किशोर कुमार और आशा भोसले की आवाज पसंद नहीं आई थी।

आशा ने बताया था कि रॉबिन चटर्जी ने साफ तौर पर कह दिया था कि उनकी और किशोर कुमार दोनों की आवाज रिकॉर्डिंग के लायक नहीं है। यहां तक कि उन्होंने दूसरे गायकों को बुलाने की बात तक कह दी। यह सुनकर आशा और किशोर चुपचाप स्टूडियो से बाहर निकल आये।

आशा भोसले ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने किशोर कुमार से कहा, 'मैं बहुत सकारात्मक सोचती हूं। आपकी आवाज को कोई रोक नहीं सकता'. आशा की यह बात सच साबित हुई। कुछ ही वर्षों बाद दोनों कलाकारों ने गायकी के क्षेत्र में अपना मुकाम बनाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित