नेपियर (न्यूजीलैंड) , मार्च 08 -- सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पांच गेंदों में लगातार पांच विकेट लेकर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। ब्रेट रैंडेल ने रविवार को यह कारनामा प्लंकेट शील्ड मैच के दूसरे दिन नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट के खिलाफ मुकाबले में किया है। इसी के साथ वह प्रथम श्रेणी में यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले गेंदबाज बन गये।

रैंडेल का स्पेल इतना खतरनाक रहा कि नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट ने केवल नौ के स्कोर पर ही अपने पांच विकेट गंवा दिए। रैंडेल ने दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर हेनरी कूपर को आउट करते हुए विकेट लेने का यह सिलसिला शुरू किया। अगले ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने राउंड द विकेट से आकर जीत रावल की गिल्लियां बिखेर दीं। दूसरी गेंद पर जो कार्टर को विकेट के पीछे कैच कराते हुए उन्होंने अपनी हैट्रिक पूरी की। रॉबर्ट ओ'डॉनेल ने अगली गेंद पर स्लिप में कैच थमाया। क्रिस्टियन क्लार्क ने अगली गेंद पर ऑफ स्टंप के बाहर बल्ला चलाया और गेंद अंदरुनी किनारा लेकर स्टंप में जा लगी। इस समय रैंडेल के गेंदबाजी आंकड़े 2.4-1-2-5 थे जिस पर भरोसा कर पाना बेहद मुश्किल था। थोड़ी ही देर बाद वह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में आठ गेंदों में छह विकेट लेने वाले भी पहले गेंदबाज बने थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित