गुरुग्राम , अप्रैल 30 -- हरियाणा की स्वयंसेवी संस्था 'ग्रामीण भारत' के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने केंद्रीय राज्यमंत्री राव इन्द्रजीत सिंह के बयान को लेकर तीखा सवाल उठाया है। श्री विद्रोही ने कहा कि जब खुद श्री सिंह पिछले पांच वर्षों में रेवाड़ी नगर परिषद में भ्रष्टाचार होने की बात स्वीकार कर चुके हैं, तो फिर जनता भाजपा को दोबारा वोट क्यों दे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश, केंद्र और नगर परिषद-तीनों स्तरों पर भाजपा की सरकार होने के बावजूद यदि भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लग सकी, तो भविष्य में स्थिति सुधरने की क्या गारंटी है। विद्रोही के अनुसार, पिछले अनुभव बताते हैं कि "ट्रिपल इंजन सरकार" बनने पर भ्रष्टाचार कम होने के बजाय बढ़ सकता है।
श्री विद्रोही ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व चेयरमैन पूनम यादव को श्री सिंह के समर्थन से टिकट मिला था और इस बार भी उम्मीदवार उनके समर्थक हैं। ऐसे में नगर परिषद में फिर से पुराने हालात बनने की आशंका है।
उन्होंने श्री सिंह के उस बयान की भी आलोचना की, जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि रेवाड़ी नगर परिषद में कांग्रेस जीतती है तो उसे कोई नहीं पूछेगा। श्री विद्रोही ने इसे लोकतंत्र के खिलाफ और मतदाताओं का अपमान बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित