चंडीगढ़ , अप्रैल 03 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि रेवाड़ी जिले के गांव माजरा मुस्तिल भालखी स्थित एम्स के लिए एक स्वतंत्र कैनाल आधारित वाटर वर्क्स स्थापित किया जाएगा। सुश्री राव ने कहा कि इस परियोजना को मुख्यमंत्री से मंजूरी मिल चुकी है तथा लगभग 26.83 करोड़ रुपये की लागत से इसे विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस योजना को सैद्धांतिक स्वीकृति भी प्रदान कर दी गयी है और इसके तहत जल आपूर्ति का पूरा खर्च राज्य सरकार स्वयं वहन करेगी, जिससे संस्थान को किसी प्रकार की बाधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस वाटर वर्क्स के जरिए प्रतिदिन लगभग 1500 किलोलीटर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, जो अस्पताल के संचालन, स्वच्छता और मरीजों की देखभाल के लिए महत्वपूर्ण होगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना एम्स रेवाड़ी को स्वतंत्र और स्थायी जल आपूर्ति प्रदान करेगी, जिससे संस्थानकी कार्यक्षमता बढ़ेगी और क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा। साथ ही, इससे आसपासके क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित