मुंगेर, फरवरी 13 -- भारतीय रेल यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर फायर प्रूफ पैसेंजर कोच का निर्माण कर रहा है।

फायर प्रूफ पैसेंजर कोच के मॉडल का निर्माण मॉडर्न कोच फैक्ट्री ( रायबरेली), रेल कोच फैक्ट्री (कपूरथला )और इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (चेन्नई) में पूरा कर लिया गया है।अब इन कोच मॉडल को लखनऊ स्थित रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन (आरडीएसओ )को टेस्टिंग के लिए अगले महीना भेजा जाएगा।आरडीएसओ (लखनऊ) से प्राप्त सुझाव के बाद फायर प्रूफ पैसेंजर कोच का उत्पादन भारतीय रेल वृहद पैमाने पर शुरू कर देगा।

भारतीय रेल यांत्रिक एवं विद्युत अभियंत्रण संस्थान (जमालपुर) के 99 वें वार्षिकोत्सव समारोह में शिरकत करने आये मॉडर्न कोच फैक्ट्री (रायबरेली) के महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा ने बताया कि भारतीय रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिये प्रयास लगातार कर रहा है। उन्होंने बताया कि रेल दुर्घटनाओं की संख्या में काफी गिरावट आई है।

महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा ने बताया कि भारत में पिछले तीन वर्षों में पैसेंजर कोच का उत्पादन दुगना से अधिक हो गया है।उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में भारत में 4500 नए कोच का उत्पादन किया गया था, जबकि इस वर्ष 2026 में भारतीय रेल 5000 पैसेंजर कोच का उत्पादन करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

नए कोचों के निर्माण से सबसे ज्यादा लाभ मध्यम वर्गीय और निम्न वर्गीय यात्रियों को हो रहा है।भारतीय रेल की कोशिश है कि रेल यात्रियों की यात्रा सुगम, सुरक्षित और आरामदायक हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित