अगरतला , दिसंबर 16 -- रेल मंत्रालय ने अगरतला के पास जिरानिया और बोधजंगनगर औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ने वाली 14 किलोमीटर लंबी नयी रेलवे लाइन के निर्माण के लिए स्थान सर्वेक्षण को मंजूरी प्रदान की है, जिसकी अनुमानित लागत 42 लाख रुपये है।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने कहा कि यह मंजूरी राज्य में रेलवे अवसंरचना विकास एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बोधजंगनगर पश्चिम त्रिपुरा में स्थित एक महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं वाणिज्यिक केंद्र है।
त्रिपुरा के सबसे बड़े परिचालन औद्योगिक केंद्र के रूप में बोधजंगनगर को रबर, बांस एवं खाद्य प्रसंस्करण जैसे उद्योगों का समर्थन करने के लिए विकसित किया जा रहा है। त्रिपुरा सरकार औद्योगिक क्षेत्र को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार से लगातार आग्रह कर रही है जिससे राज्य से बाहर विपणन को सुगम बनाया जा सके।
एनएफआर के अधिकारियों ने कहा कि प्रस्तावित जिरानिया-बोधजंगनगर खंड औद्योगिक उत्पादों का परिवहन करने के लिए एक महत्वपूर्ण रेल गलियारा बनेगा जिससे व्यापारियों सहित त्रिपुरा के लोगों को पर्याप्त लाभ मिलेगा।
रेलवे संपर्क से आसपास के जिलों में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलने का अनुमान है जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य रेलवे संपर्क को बेहतर बनाना, ट्रेनों के संचालन को सुगम बनाना, स्थानीय आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करना और पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को समर्थन देना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित