कपूरथला , मार्च 31 -- रेल डिब्बा कारखाना (आरसीएफ) कपूरथला में मंगलवार को महाप्रबंधक अजय नन्दन की अध्यक्षता में सेवानिवृत्ति एवं पदोन्नति समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया, जिसमें 48 कर्मचारियों को उनकी सेवानिवृत्ति पर बकाया एवं पेंशन संबंधी दस्तावेज महाप्रबंधक ने सौंपे गये।
इस समारोह में 39 कर्मचारियों को पदोन्नति पत्र भी प्रदान किये गये।
रेल डिब्बा कारखाना, कपूरथला में नवंबर 2024 से एक नयी पहल शुरू की गयी है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक माह सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को उनके सेवानिवृत्ति दस्तावेज उसी दिन प्रदान किये जाते हैं तथा उनके स्थान पर पदोन्नत होने वाले कर्मचारियों को भी उसी अवसर पर पदोन्नति आदेश सौंपे जाते हैं। इस व्यवस्था के तहत सेवानिवृत्त होने वाला वरिष्ठ कर्मचारी अपने अंतिम कार्य दिवस पर पदोन्नति प्राप्त करने वाले क्रमबद्ध कर्मचारी को पदोन्नति पत्र प्रदान करता है।
इसी योजना के अंतर्गत आज आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने पदोन्नत होने वाले कर्मचारियों को उनके पदोन्नति पत्र सौंपे। तत्पश्चात श्री नन्दन ने सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके सेवानिवृत्ति दस्तावेज प्रदान किये।
इस अवसर पर श्री नन्दन ने कहा कि आरसीएफ की उत्कृष्ट उपलब्धियों में सभी कर्मचारियों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। पदोन्नत कर्मचारियों को बधाई देते हुए उन्होंने आशा व्यक्त की कि वे अपने नये पद की गरिमा बनाये रखते हुए संस्थान की प्रगति में और अधिक योगदान देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित