भीलवाड़ा. , मार्च 31 -- राजस्थान में भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर सोमवार आधी रात एक महिला कांस्टेबल के साहसिक प्रयास से एक यात्री की जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 12992 जयपुर-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस भीलवाड़ा स्टेशन पर खड़ी थी। कोच संख्या सी-1 में यात्रा कर रहे उदयपुर निवासी प्रमोद नाथ माथुर प्लेटफॉर्म पर चाय लेने उतरे। अचानक ट्रेन ने रफ्तार पकड़ ली। हड़बड़ाहट में प्रमोद नाथ ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन की गति के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे ट्रैक और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गये।
सूत्रों ने बताया कि यह घटना देखकर स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों का शोरगुल सुनकर ड्यूटी पर तैनात राजकीय रेलवे पुलिस में महिला कांस्टेबल राममूर्ति मीणा बिना एक पल गंवाए यात्री के पास पहुंची और उसे मजबूती से पकड़कर खींच लिया जिससे प्रमोद माथुर सुरक्षित बच गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित