मुरादाबाद , मार्च 09 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर पानी बेचने वाले युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) सूत्रों ने सोमवार को बताया कि मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास एक खंडहरनुमा इमारत में आज़ सुबह एक युवक का लहूलुहान शव पड़ा मिला था। मृतक की पहचान सोनू कश्यप (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 10 वर्षों से रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में पानी की बोतलें बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। पुलिस ने प्रथमदृष्टया इसे हत्या का मामला मानते हुए रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों ने आगे बताया कि घटना की सूचना मिलने पर संबंधित राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। शव रेलवे स्टेशन परिसर में लाइन पार साइड, केजीके कॉलेज पुल के समीप वरिष्ठ खंड अभियंता (रेल पथ) दफ्तर के सामने एक जर्जर खंडहर में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने युवक को अचेत अवस्था में देखा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शव के सिर से खून बह रहा था और शरीर पर चोट के गंभीर निशान थे, जिससे परिजनों द्वारा अज्ञात द्वारा पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित