बिलासपुर , अप्रैल 09 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र की चौकी बेलगहना पुलिस ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक के पास से लाखों रुपए नकद जब्त किए हैं।
यह कार्रवाई टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास की गई, जहां युवक संदिग्ध हालत में घूमता हुआ मिला। दरअसल, बेलगहना पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति रेलवे स्टेशन के पास दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग लेकर संदिग्ध तरीके से घूम रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को पकड़कर पूछताछ की। युवक ने अपना नाम पवन बजाज बताया। वह कश्यप कॉलोनी, पुराना बस स्टैंड, बिलासपुर का रहने वाला है। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद दो सूटकेस और एक बैग से 10, 20 और 50 रुपए के नए नोटों के कुल 81 बंडल मिले। इनकी कुल कीमत 17 लाख 90 हजार रुपए बताई गई है। इतनी बड़ी रकम के बारे में युवक कोई साफ जानकारी नहीं दे सका।
पुलिस ने शक के आधार पर पूरी रकम को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त कर लिया है और अब पैसे के स्रोत की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित