ग्रेटर नोएडा , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिला के बिसरख थाना पुलिस ने रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज, रेलवे की कूटरचित मोहरें और दस्तावेज तैयार करने के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार गिरोह की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, गिरफ्तार गिरोह के सदस्यों अश्वनी सारस्वत और पवन चौधरी ने एक युवक को रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे करीब आठ लाख रुपये ठग लिए थे। आरोपियों ने पीड़ित को भरोसा दिलाने के लिए फर्जी 'ज्वाइनिंग लेटर' भी सौंप दिया। जब युवक को ठगी का अहसास हुआ तो उसने बिसरख थाना में शिकायत दी। इसके पश्चात पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बुधवार को गाजियाबाद के क्रॉसिंग थाना क्षेत्र अश्विनी सारस्वत को जयपुरिया सोसायटी से गिरफ्तार किया और एक अन्य पवन चौधरी को आगरा स्थित सिकंदरा थाना क्षेत्र के रेलवे फाटक चिपियाना बुजुर्ग के पास से गिरफ्तार किया। दोनों की निशानदेही पर तीसरे आरोपी आकिल उर्फ अयान को गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र शाहबेरी क्षेत्र से पकड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित