श्रीगंगानगर , दिसम्बर 29 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में आजाद सिनेमा के पीछे करनी मार्ग पर रेलवे लाइन के पास रेलवे बोर्ड की जमीन पर कब्जा किये हुए लोगों ने अपने घरों को बचाने के लिए सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।

इन लोगों ने कई घंटों तक धरना दिया और प्रशासन से वार्ता की। शिष्टमंडल ने अपना पक्ष रखते हुए गुहार लगाई कि उनके आशियानों को तोड़ने से बचाया जाए। रेलवे यहां पर वॉशिंग यार्ड बनाने की योजना बना रहा है, जहां लोगों के कच्चे-पक्के मकान बने हुए हैं। इन मकानों में बिजली और पानी के कनेक्शन भी हैं, और लोग पिछले 35-40 वर्षों से यहां रह रहे हैं।

शिष्टमंडल ने बताया कि आजाद सिनेमा के पीछे करनी मार्ग और रेलवे लाइन के बीच करीब 72 फुट की जगह को रेलवे बोर्ड अपनी बता रहा है, जहां वाशिंग यार्ड बनाया जाना प्रस्तावित है। हालांकि, दूसरी तरफ भी रेलवे की ही 72 फुट जगह है। अगर रेलवे को वॉशिंग यार्ड बनाना है, तो दोनों तरफ से 36-36 फुट जगह लेकर भी इसे बनाया जा सकता है, जिससे इन गरीबों के घर टूटने से बच जाएंगे। प्रदर्शनकारियों ने इस वैकल्पिक समाधान की मांग की।

प्रशासनिक अधिकारियों ने शिष्टमंडल को आश्वासन दिया कि उनके साथ न्याय किया जाएगा। लिखित आश्वासन हालांकि न मिलने पर लोगों ने धरना जारी रखा। शाम को दोबारा बातचीत हुई, जिसमें प्रशासन ने रेलवे बोर्ड बीकानेर को लिखे पत्र की प्रति शिष्टमंडल को सौंपी। इस पत्र में उक्त जगह की वस्तुस्थिति की जानकारी मांगी गयी है, ताकि पता चल सके कि वास्तव में रेलवे की कितनी जमीन है और बाकी जमीन किसकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित