पन्ना , फरवरी 06 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में देवेंद्रनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे प्रोजेक्ट से हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है।

मामले में प्रोजेक्ट में कार्य कर रहे आरोपी इलेक्ट्रिकल इंजीनियर सहित चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया केबल, वायर, पीवीसी पाइप एवं अन्य इलेक्ट्रिकल सामग्री सहित घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन एवं एक मोबाइल फोन का सामान जप्त हुआ है।

पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने बताया कि फरियादी रामप्रसाद शर्मा द्वारा थाना देवेंद्रनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि के-3 कंस्ट्रक्शन कंपनी का नागौद से खजुराहो रेलवे स्टेशन तक निर्माण कार्य प्रगतिरत है। ग्राम फुलवारी स्थित रेलवे स्टेशन भवन के एक हाल में कंपनी द्वारा स्टोर बनाया गया था, जिसमें लगभग 30 लाख रुपये का इलेक्ट्रिकल सामान रखा हुआ था। स्टोर रूम में रखा इलेक्ट्रिकल सामग्री चोरी हो गया था। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना देवेंद्रनगर में अपराध पंजीबद्ध किया गया।

मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही इलेक्ट्रिकल इंजीनियर अंकित माथुर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने चोरी किया गया माल नागोद निवासी राकेश गर्ग को बेच दिया है। तत्पश्चात राकेश गर्ग को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसके गोदाम से चोरी गया संपूर्ण माल बरामद किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित