नयी दिल्ली , जनवरी 14 -- रेलवे ने उन्नत अवसंरचनात्मक सुविधाओं और आधुनिक परिचालन प्रणाली के साथ एक ही दिन में मालगाड़ियों के विशेष गलियारों और रेलवे के जोनल नेटवर्क के बीच कुल 892 माल गाड़ियों के 'इंटरचेंज' का एक नया रिकार्ड बनाया है।
रेल मंत्रालय की बुधवार को एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि रविवार, 5 जनवरी को मालगाड़ियों के लिए विशेष गलियारा नेटवर्क (डीएफसी) और रेलवे के पांच जोनों के बीच कुल 892 मालगाड़ियों का 'इंटरचेंज' (एक रेल नेटवर्क से दूसरे नेटवर्क पर मार्ग परिवर्तन) किया गया, जो माल गाड़ी कॉरिडोर शुरू होने के बाद एक दिन में दर्ज सबसे ज़्यादा संख्या इंटरचेंज है। पिछला रिकॉर्ड 865 ट्रेनों का था, जो इसी साल 4 जनवरी को हासिल किया गया था।
रेल मंत्रालय ने कहा है कि भरोसेमंद और किफायती एंड-टू-एंड रेल माल ढुलाई समाधान प्रदान करके माल ढुलाई में एक नया रिकॉर्ड बनाया है। डीएफसी अपने उन्नत ढांचे और आधुनिक प्रणालियों के साथ नेटवर्क क्षेत्रों में सामान की कुशल आवाजाही सुनिश्चित कर रहा है, जिससे ट्रांजिट समय और लागत कम हो रही है। इस काम में आधुनिक ट्रेन शेड्यूलिंग टूल, चलती ट्रेनों की तत्काल निगरानी , ऑटोमेटेड सिग्नलिंग, डिजिटल कंट्रोल रूम और सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल से और भी मदद मिली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित