नयी दिल्ली , दिसंबर 26 -- रेलवे की ओर से इस साल बड़े धार्मिक आयोजनों और व्यस्त यात्रा मौसम में सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर सुनिश्चित करने के तहत विशेष ट्रेनों ने 43,000 ज्यादा फेरे लगाये हैं।

रेलवे ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा कि ये पहलें यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने और पूरे देश में निर्बाध सफर को सुनिश्चित करने के लिए रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। वर्ष 2025 में विशेष ट्रेनों का संचालन काफी बढ़ाया गया, जो बेहतर योजना और यात्रियों सुविधा को लेकर रेलवे की कोशिशों को दर्शाता है।

रेलवे के अनुसार इस साल महाकुंभ के दौरान 13 जनवरी से 28 फरवरी 2025 के बीच विशेष ट्रेनों ने 17,340 फेरे लगाये। वहीं होली के दौरान एक मार्च से 22 मार्च विशेष ट्रेनों के 1,144 फेरे संचालित किये गये, जो 2024 में होली के दौरान संचालित फेरों की तुलना में लगभग दोगुनी है।

इस साल गर्मियों की छुट्टी के दौरान एक अप्रैल से 30 जून तक विशेष ट्रेनों ने 12,417 फेरे लगाये। वहीं, छठ पूजा के दौरान एक अक्टूबर से 30 नवंबर तक विशेष ट्रेनों के 12,383 फेरे संचालित किये गये, जो पिछले साल के मुकाबले काफी ज़्यादा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित