, March 17 -- कांग्रेस की शोभा दिनेश ने कोविड काल में बंद की गयी ट्रेनें चलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्थानीय ट्रेनें बंद किये जाने से विद्यार्थियों और स्थानीय व्यवसायियों को बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है इसलिए स्थानीय ट्रेनें तत्काल चलायी जानी चाहिए।
आम आदमी पार्टी के मालविंदर सिंह कंग ने पंजाब में रोपड़ जिले के चमकौर साहिब को रेलवे लाइन से जोड़ने की मांग की। उन्होंने रेल मंत्री से पंजाब से श्री हुजूर साहब नांदेड़ और पटना साहिब के लिए भी ट्रेनें चलाने का भी आग्रह किया।
तृणमूल कांग्रेस के प्रो. सौगत राय ने कहा कि कोलकाता मेट्रो का काम अभी तक पूरा नहीं किया गया है। दुर्घटनाओं को रोकने के प्रयासों को पर्याप्त न बताते हुए श्री राय ने रेल मंत्री दुर्घटनाएं रोकने के उपायों की जानकारी सदन को देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कोलकाता से चलने वाली स्थानीय ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ होती है और लोग खड़े होकर यात्रा करने को मजबूर होते हैं। गरीब लोगों की यात्रा पर भी सोचा जाना चाहिए। ट्रेनों में शौचालयों की स्थिति ठीक न होने की तरफ मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराते हुए उन्होंने इनकी साफ-सफाई पर भी ध्यान देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कई गाड़ियां विलंब से चलती हैं, इस ओर भी ध्यान दिये जाने की जरूरत है।
भाजपा के कंवर सिंह तंवर ने कहा कि फरवरी 2026 तक 99 प्रतिशत रेलवे का विद्युतीकरण किया जा चुका है। उन्होंने अमरोहा स्टेशन पर फैजाबाद एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की।
सपा के आनंद भदौरिया ने कहा कि रेल बजट में उत्तर प्रदेश को नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के धौरहरा लोक सभा क्षेत्र होकर लखनऊ और दिल्ली जाने वाली ट्रेन चलाने की मांग की।
भाजपा के शंकर लालवानी ने कहा कि देश भर के 1300 स्टेशनों के आधुनिकीकरण का काम चल रहा है। इंदौर क्षेत्र में रेलवे ने अनेक कार्य किये हैं और कई कार्य जारी हैं। उन्होंने उज्जैन में सिंहस्थ होने के कारण इंदौर और उज्जैन के लिए और ट्रेन चलाने की मांग की।
राष्ट्रीय लोक दल के राजकुमार सांगवान ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में रेलवे में अभूतपूर्व कार्य किये गये हैं और रेल सेवाओं का विकास अनवरत जारी है। उन्होंने बागपत क्षेत्र में अनेक कार्य कराये जाने के लिए रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह वहां के शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराये जाने की मांग की।
भाजपा के आनंद कुमार ने कहा कि बहराइच को जोड़ने वाली मीटर गेज लाइन को ब्रॉड गेज लाइन में परिवर्तित करने के लिए वह रेल मंत्री को धन्यवाद देते हैं। इसके साथ ही अमृत भारत योजना के तहत जोड़े गये बहराइच के रेलवे स्टेशन पर कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित